नंगे पैर अमर ज्योति संकल्प यात्रा पर निकले ब्लॉक प्रमुख कृष्णा राजपूत, गांव-गांव पहुंचकर दे रहे पिता की प्रतिमा अनावरण का निमंत्रण
अमर ज्योति संकल्प यात्रा
कासगंज। अमापुर के पूर्व विधायक के पुत्र एवं सहावर ब्लॉक प्रमुख कृष्णा राजपूत द्वारा अपने पिता की प्रतिमा के अनावरण के उपलक्ष्य में निकाली जा रही ‘अमर ज्योति संकल्प यात्रा’ लगातार लोगों के बीच पहुंच रही है। रविवार को यात्रा का आठवां दिन रहा। कृष्णा राजपूत नंगे पैर पैदल चलकर गांव-गांव पहुंच रहे हैं और लोगों को प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दे रहे हैं।
- बताया गया कि पूर्व विधायक की प्रतिमा का निर्धारित कार्यक्रम के दिन अनावरण किया जाएगा। इसी कार्यक्रम में क्षेत्र के लोगों को आमंत्रित करने के उद्देश्य से कृष्णा राजपूत ने अमर ज्योति संकल्प यात्रा शुरू की है। यात्रा के दौरान वह स्वयं नंगे पैर पैदल चल रहे हैं और गांवों में पहुंचकर लोगों से संवाद कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने का न्योता दे रहे हैं।
रविवार को यात्रा मुजफ्फरनगर से शुरू हुई। इसके बाद यात्रा मणिकापुर, चंदवा, नगला भम्भा, हँसेनपुर, न्यौली, हसनपुर और मौजमपुर सहित विभिन्न गांवों से होकर गुजरी। यात्रा करीब साढ़े तीन बजे मिर्जापुर पहुंची, जहां लोगों से संपर्क करने के बाद यात्रा आगे के लिए रवाना हो गई।
यात्रा को लेकर क्षेत्र में लोगों के बीच उत्सुकता देखने को मिल रही है। रास्ते में ग्रामीणों से संपर्क करते हुए कृष्णा राजपूत उन्हें अपने पिता की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में पहुंचने का निमंत्रण दे रहे हैं। यात्रा के माध्यम से ‘संघर्ष हमारा, संकल्प आपका, विरासत हमारी’ का संदेश भी दिया जा रहा है।
आयोजकों के अनुसार, यह यात्रा अभी जारी रहेगी और करीब 10 दिन तक और गांव-गांव पहुंचकर लोगों को निमंत्रण देने का सिलसिला जारी रहेगा। यात्रा का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम से जोड़ना और उन्हें कार्यक्रम में सहभागी बनाना है।
नंगे पैर गांवों की पगडंडियों और सड़कों पर चल रही यह यात्रा अब क्षेत्र में चर्चा का विषय बनी हुई है। आने वाले दिनों में यात्रा के अन्य गांवों में पहुंचने के साथ लोगों को प्रतिमा अनावरण कार्यक्रम में शामिल होने का निमंत्रण दिया जाएगा



